न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस।
मौसम का मिजाज सोमवार को फिर बदल गया। दोपहर को अचानक आई तेज आंधी से सड़कों पर चलना दूभर हो गया। कुछ देर बाद हुई बूंदाबांदी ने लोगों को गर्मी से राहत प्रदान की।
मौसम विभाग महीने के अंत तक मानसून आने की संभावना जता रहा है, ऐसे में लोगों में बारिश आने की उम्मीद भी बढ़ गई है। सोमवार को दोपहर करीब 12 बजे मौसम का मिजाज अचानक ही बदल गया।
करीब 15 मिनट तेज आंधी के बाद आसमान में बादल छा गए और बूंदाबांदी का दौर शुरू हो गया। ऐसे में लोग अपने आप को आंधी और बारिश से बचाते नजर आए।
इधर, किसान बारिश होने की प्रार्थना करने लगे, लेकिन कुछ देर बूंदाबांदी होने के बाद ही थम गई। इससे किसानों के चेहरे फिर से लटक गए। हालांकि बूंदाबांदी की वजह से शाम तक गर्मी से लोगों को राहत मिल गई।