सहपऊ कस्बा के मोहल्ला बनियाना में रविवार सुबह एक अद्भुत घटना हुई। 100 वर्षीय जमीला बेगम पत्नी सूखे खां को मृत मान लिया गया था। उनके परिजन अंतिम संस्कार की तैयारी में जुटे थे। करीब एक घंटे बाद अचानक उनकी सांसें चलने लगीं।
विज्ञापन
जमीला बेगम पिछले एक महीने से चलने-फिरने में लाचार थीं। वह चारपाई पर लेटी हुई थीं। उनके बड़े पुत्र टिम्मा ने बताया कि रविवार सुबह उनकी मां की मौत हो गई थी। उन्होंने सभी नाते-रिश्तेदारों को सूचना दे दी थी। उनकी तीनों लड़कियां और दामाद भी आ चुके थे।
लौट आई सांस
नाते-रिश्तेदार भी उनके घर आ गए थे। वे जमीला बेगम को नहलाकर अन्य रस्में पूरी कर रहे थे। तभी अचानक उनकी सांसें दोबारा चलने लगीं। यह देखकर सभी लोग आश्चर्यचकित हो गए। उन्हें तुरंत वापस चारपाई पर लिटा दिया गया। इस घटना से कस्बा में यह चर्चा का विषय बना हुआ है।