नगर पालिका की ओर से शहर में जल्द ही 10 हाईमास्ट लाइटें लगाई जाएंगी। इन्हें लगाने पर करीब 60 लाख रुपये खर्च होंगे। यह लाइटें कोहरे को देखते हुए लगवाई जा रही हैं, ताकि शहर के प्रमुख चौराहों से गुजरने वाले वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना न करना पड़े।
नगर पालिका की ओर से आगरा-अलीगढ़ रोड के नगला भुस तिराहा, डीआरबी इंटर कॉलेज तिराहा व जलेसर रोड पर गोशाला के निकट एक-एक हाईमास्ट लाइट लगा दी गई हैं। यह लाइटें रात में जलने भी लगी हैं। आने वाले कुछ दिनों में अलीगढ़ रोड पर गांधी पार्क तिराहा, इगलास रोड मोड़, हतीसा पुल के ऊपर, मथुरा रोड पर हतीसा पुल, तालाब चौराहा, चामड़ गेट चौराहा व शहर के एक अन्य स्थान पर हाइमास्ट लाइट लगाई जाएगी।
गौरतलब है कि इन चौराहों से रात के समय बड़ी संख्या में वाहनों का आवागमन रहता है, लेकिन प्रकाश की पर्याप्त व्यवस्था न होने के कारण वाहन चालकों को न केवल यहां से निकलने में निकलने में दिक्कत होती है, बल्कि कई बार दुर्घटना भी हो जाती है। लंबे समय से इन चौराहों और तिराहों पर प्रकाश की पर्याप्त व्यवस्था कराने की मांग की जा रही थी। नगर पालिका ने इसकी प्रक्रिया शुरू कर दी है। सहायक अभियंता हर्षवर्धन का कहना है कि तीन जगहों पर लाइट लग गई हैं। बाकी सात जगहों पर भी जल्द ही लगवा दी जाएंगी।