माधौगंज। थाना क्षेत्र के गौतरा हाल्ट के निकट बुधवार तड़के ट्रेन की चपेट में आने से एक अज्ञात युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र माधौगंज ले गई। वहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने युवक की पहचान न होने पर शव को मोर्चरी में रखवाया।
अमृतसर से चलकर कानपुर जा रही ट्रेन संख्या 22446 बुधवार को तड़के करीब 03:04 बजे माधौगंज थाना क्षेत्र के गौतरा हाल्ट से गुजर रही थी। इस बीच पोल संख्या 81/15 के बीच एक युवक ट्रेन की चपेट में आ गया। ट्रेन के लोको पायलट ने इसकी सूचना स्टेशन मास्टर को दी। स्टेशन मास्टर अभिषेक कुमार ने बताया कि मेमो मिलते ही जीआरपी को सूचित किया गया। जीआरपी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। बताया कि ट्रेन की चपेट में आने से युवक काफी गंभीर रूप से घायल हो गया था।
जीआरपी और स्थानीय पुलिस उसे लेकर सीएचसी माधौगंज पहुंची लेकिन चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। उपनिरीक्षक राकेश कुमार ने बताया कि युवक पैंट और शर्ट पहने हुए है। उसके पास न तो पहचान पत्र मिला और न ही मोबाइल। आसपास के क्षेत्र में जानकारी की गई लेकिन जानकारी नहीं हुई। बताया कि युवक के शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया है और पहचान का प्रयास किया जा रहा है।