फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hardoi News: 200 सीसीटीवी खंगाले, तीन महिला समेत चार गिरफ्तार, पुलिस लाइन में चोरी का खुलासा

विज्ञापन
फोटो-01- पुलिस गिरफ्त में चोरी के आरोपी। संवाद
विज्ञापन
हरदोई। पुलिस लाइन स्थित सवायजपुर थानाध्यक्ष के आवास में हुई चोरी का खुलासा पुलिस ने शनिवार को कर दिया। पुलिस ने यह खुलासा शहर सहित आसपास के करीब 200 सीसीटीवी खंगालने के बाद किया।
विज्ञापन

पुलिस ने चोरी के आरोप में तीन महिला समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। महिलाओं के चार पुत्रों समेत पांच किशोरों को भी अभिरक्षा में लिया गया है। आरोपियों के पास से चोरी के आभूषण बरामद हुए हैं। आरोपियों ने आवास की रेकी कर चोरी की थी। पूछताछ में आरोपियों ने एक नवंबर को चोरी किए जाने की बात स्वीकार की है।
सवायजपुर थानाध्यक्ष प्रिंस कुमार का एक सरकारी आवास पुलिस लाइन में भी है। बीती नौ नवंबर को वह सर्दी की वर्दी लेने के लिए सरकारी आवास हरदोई आए थे। अंदर जाने पर उन्हें कमरों में रखा सामान फैला मिला था। अलमारी और बक्से में रखे आभूषण गायब मिले थे। थानाध्यक्ष ने 11 नवंबर को शहर कोतवाली में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बताया था कि चोर माता-पिता से मिले 20 लाख के आभूषण ले गए हैं। शादी में पत्नी के परिजनों से उपहार स्वरूप मिले 15 लाख के आभूषण भी गायब थे।
विज्ञापन

सीओ सिटी अंकित मिश्रा ने बताया कि चोरों की तलाश की जा रही रही थी। जांच में तीन महिलाएं और एक पुरुष आरोपी का नाम प्रकाश में आया। इसमें देहात कोतवाली क्षेत्र के प्रगतिनगर निवासी ज्योति, कल्पना, शहर के गिप्सनगंज निवासी लक्ष्मी और रेलवेगंज पुरानी गल्लामंडी निवासी धीरेंद्र शामिल हैं। शनिवार को चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
आरोपी कल्पना के दो पुत्र, लक्ष्मी और ज्योति के एक-एक पुत्र समेत पांच किशोरों को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। पांचों किशोरों की आयु 10 से 13 साल के बीच बताई गई है। आरोपी धीरेंद्र रेलवेगंज में परचून की दुकान चलाता है। इसी ने चोरी के आभूषण बिकवाने में अहम भूमिका निभाई थी। आरोपियों के पास से पुलिस ने सोने का हार, मंगलसूत्र, आठ अंगूठी, दो चेन, एक मांग का टीका, एक जोड़ी झुमका, एक जोड़ी टॉप्स और चांदी की चार जोड़ी पायल बरामद की हैं। शहर कोतवाल संजय त्यागी ने बताया कि पूरे मामला का खुलासा करने के लिए 200 सीसीटीवी खंगाले गए हैं। चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश करके जेल भेज दिया गया है।

इस तरह आरोपी महिलाओं और किशोरों ने की चोरी
सीओ सिटी के मुताबिक, आरोपी महिलाओं के पुत्रों समेत अन्य किशोर कबाड़ बीनने का दिखावा करते हैं। इस दौरान किशोर मकानों की रेकी करते हैं। एक नवंबर से पहले किशोरों ने थानाध्यक्ष के मकान में दरवाजे के सुराग से अंदर झांक कर देखा। वहां कोई नजर नहीं आया। लगातार दो दिन तक रेकी करने के बाद एक नवंबर को चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया।

नकली समझकर नाले में फेंके आभूषण
शहर कोतवाल के मुताबिक, आरोपियों ने पूछताछ में कई अहम बातें बताईं। महिलाओं के साथ किशोरों ने जो आभूषण चोरी किए। उसमें से उन्हें सोने के कुछ आभूषण नकली लगे। इस पर किशोरों ने उन आभूषणों को नाले में फेंक दिया।

पुलिस लाइन की सुरक्षा पर उठे थे सवाल, चार पुलिसकर्मी हुए थे लाइनहाजिर
एसपी अशोक कुमार मीणा ने पुलिस लाइन के सरकारी आवास में चोरी के मामले में चार पुलिसकर्मियों को निलंबित किया था। चारों पुलिसकर्मियों की ड्यूटी गेट नंबर दो पर थी। चारों पर ड्यूटी के दौरान लापरवाही बरतने का आरोप लगा था।

खुलासा करने वाली टीम में ये रहे शामिल
चोरी का खुलासा करने वाली टीम में शहर कोतवाल के साथ उप निरीक्षक विश्वास शर्मा, राजेंद्र कुमार, सिपाही पूरन, संजय, अनुराग, सुरजीत, स्वाति और प्रियंका शामिल रहीं। स्वाट-सर्विलांस टीम के प्रभारी उप निरीक्षक राजेश यादव, सिपाही अनिल सिंह, आनंद, नितिन, ओमवीर, यादवेंद्र, उज्ज्वल और राजकुमार शामिल रहे।

फोटो-01- पुलिस गिरफ्त में चोरी के आरोपी। संवाद

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें