बिलग्राम। गांव हैबतपुर में क्रिकेट मैच के दौरान विवाद होने पर दोनों टीमों के खिलाड़ी आपस में भिड़ गए। इनमें जमकर धक्का मुक्की और गाली गलौज हुई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने 11 लोगों को हिरासत में ले लिया है। कोतवाल सुनील सिंह ने बताया सभी के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की गई है।
कोतवाल सुनील सिंह ने बताया कि कस्बे से कुछ दूरी पर स्थित हैबतपुर गांव के पास शनिवार की सुबह कुछ युवक क्रिकेट खेल रहे थे। इसी दौरान किसी बात पर विवाद हो गया।
इस पर मैच खेल रहे युवक आपस में झगड़ने व गाली गलौज करने लगे। मोबाइल पर सूचना मिलने पर पुलिस पहुंच गई और विवाद कर रहे 11 युवकों को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में युवकों ने अपना नाम मुकेश, ललित, राजेश, अली मोहम्मद, शाहरुख, अबमील, अखिलेश व विशेष निवासीगण ग्राम हैबतपुर थाना बिलग्राम व अंकुल, सौरभ निवासी ग्राम साहिमपुर थाना सुरसा एवं वीरेंद्र निवासी ग्राम चंदन तारा बताया।
आरोपियों के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई करते हुए उन्हें एसडीएम न्यायालय भेजा है। बताया कि एक अन्य मामले में ग्राम बेहटा निवासी चंद्रशेखर व नंदराम के खिलाफ भी शांतिभंग की धाराओं में कार्रवाई की गई है।