फोटो-45-मौके पर मौजूद फॉरेंसिक और पुलिस टीम। संवाद
हरदोई। शहर कोतवाली क्षेत्र में गल्ला मंडी के पीछे हरीपुरवा के मैदान में ईंट से सिर और चेहरा कूचकर युवक की हत्या कर दी गई। बुधवार सुबह गल्ला मंडी जाने को निकले लोगों ने शव पड़ा देखा तो पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव मोर्चरी में रखवा दिया है। शव की पहचान कराने की कोशिश की जा रही है। मौके से पुलिस को शराब की खाली बोतल और चखना पड़ा मिला है। खून से सनी ईंट भी पास पड़ी मिली।
गल्ला मंडी के पीछे हरीपुरवा में मैदान है। इस मैदान से होकर बड़ी संख्या में लोग आवागमन करते हैं। हरीपुरवा के बाशिंदे बुधवार सुबह गल्ला और सब्जी मंडी जाने को निकले, तो मैदान में युवक का शव पड़ा देखा। युवक का सिर और चेहरा कूच दिया गया था। पास ही खून से सनी ईंट भी पड़ी थी। इसकी जानकारी पुलिस को दी गई।
मौके पर शहर कोतवाल संजय त्यागी फॉरेंसिक टीम के साथ पहुंचे। आस पास लगी भीड़ में शामिल लोगों से युवक की पहचान कराने की कोशिश की गई, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद शव की फोटो सोशल मीडिया पर अपलोड की गई, लेकिन देर रात तक शव की पहचान नहीं हो पाई। शहर कोतवाल संजय त्यागी ने बताया कि पहचान कराने की कोशिश हो रही है। शव की तलाशी ली गई थी, लेकिन कोई ऐसी चीज नहीं मिली, जिससे पहचान हो पाती।
युवक को नशे में कर की गई हत्या
शव से कुछ ही दूरी पर शराब की खाली बोतल और चखना पड़ा मिला। आशंका जताई जा रही है कि शराब पिलाने के बाद युवक की हत्या की गई है। इससे इतर पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है कि शराब पीने के दौरान ही किसी परिचित से विवाद हुआ है और उसके बाद हत्या कर दी गई।