शाहाबाद/टोडरपुर। क ोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार सुबह आंझी रेलवे स्टेशन के रेलवे ट्रैक पर तीन किलोमीटर के दायरे में अलग-अलग स्थानों पर युवक व युवती क ी लाशें मिलीं। युवक करीमनगर का निवासी था और शुक्रवार सुबह खेत पर जाने की बात कहकर घर से निकला था। युवती मानसिक तौर से बीमार बताई जा रही है। वह गुरुवार शाम परिजनों को बताए बिना ही घर से निकली थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों से पूछताछ के बाद शवों का पोस्टमार्टम कराया। मृतकों के परिजनों ने आरोप से इंकार किया है।
शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र के करीमनगर निवासी अनंग पाल का खेत पड़ोस के दूसरे गांव दौलतपुर गंगाराम में है। उसने खेत में मूंगफली बोई है। शुक्रवार सुबह करीब छह बजे अनंग पाल का बेटा जितेंद्र (22) मूंगफली के खेत पर जाने की बात कहकर घर से निकला था। सुबह करीब सात बजे शौच के लिए निकले दौलतपुर गंगाराम के ग्रामीणों ने खंभा नंबर 1207 के निकट रेलवे लाइन किनारे उसका शव पड़ा देखा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों से युवक की पहचान कराकर परिजनों को जानकारी दी। मृतक के परिजनों से पूछताछ के बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। मृतक के पिता ने आरोप से इंकार किया है। बताया कि चार साल पहले उसकी शादी हुई थी। उसके एक साल की बेटी है।
दूसरी घटना क ोतवाली क्षेत्र के कठमा गांव की है। गांव निवासी कयूम खां की बेटी इशरत जहां (22) गुरुवार शाम परिजनों क ो बताए बिना घर से निकल गई थी। काफी देर तक वह दिखाई नहीं दी तो परिजनों को फिक्र हुई। परिजनों ने उसकी खोजबीन की, पर उसका सुराग नहीं लगा। शुक्रवार सुबह उसका शव गांव के निकट से निकले रेलवे ट्रैक पर खंभा नंबर 1210 के निकट मिला। ट्रैक की तरफ पहुंचे ग्रामीणों की जानकारी पर परिजन पहुंचे। सूचना पर जीआरपी पहुंची। परिजनों से पूछताछ के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया।
मृतका के पिता ने आरोप से इंकार किया। बताया कि बेटी पिछले कई साल से मानसिक बीमार थी। उसका इलाज कराया जा रहा था। एसएसआई चीमा ने बताया कि मामला संज्ञान में है। युवक और युवती का शव अलग-अलग गांव के निकट मिले हैं। दोनों घटनास्थलों के बीच की दूरी करीब तीन किलोमीटर है। युवक-युवती का आपस में कोई संबंध नहीं है। बताया कि इस संबंध में उनको कोई तहरीर नहीं मिली है।