आईआईटी दिल्ली में पीएचडी प्रवेश परीक्षा में टॉप करने वाली मानसी मिश्रा।
- फोटो : Amar ujala
हरदोई। पूर्व पालिका अध्यक्ष सुख सागर मिश्र मधुर एवं विख्यात डॉ. चित्रा मिश्रा की पुत्री मानसी ने आईआईटी दिल्ली में प्रवेश पाकर जिले का नाम रोशन किया है। शुक्रवार को आईआईटी पीएचडी की जारी हुई सूची में उनका पहला स्थान है।
मां डॉ. चित्रा मिश्रा ने बताया कि मानसी पढ़ने में पहले से ही होनहार है। उसने बीटेक के बाद एमटेक की परीक्षा उत्तीर्ण की। एमटेक की परीक्षा उसने एमआईआईटी मेरठ से उत्तीर्ण की और वहीं वह असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर तैनात हो गई। वर्तमान में वह अपना वहीं दायित्व निभा रहीं है लेकिन वह आईआईटी दिल्ली से पीएचडी करना चाहती थी। इसके बाद उन्होंने आवेदन किया और उसकी परीक्षा दी।
इसके बाद शुक्रवार को आईआईटी दिल्ली से चयन सूची को जारी कर दिया गया। जारी सूची में वह सबसे टॉप पर है। इससे मानसी व उनका ही नहीं बल्कि पूरे जनपद का नाम रोशन हुआ है। पिता मधुर ने बताया कि बिटिया की सफलता से खुश कुछ सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्थाएं मानसी के सम्मान की योजना बना रही हैं। उधर, बिटिया की सफलता की खबर के बाद से मधुर दंपति को बधाइयां मिलने का सिलसिला जारी है।