फोटो-07- आर्यकन्या महाविद्यालय में प्रतियोगिता में प्रतिभाग करती छात्रा। संवाद
हरदोई। आर्यकन्या महाविद्यालय में शुरू हुए सात दिवसीय युवा महोत्सव के दूसरे दिन छात्राओं ने उत्साह और खेल भावना का प्रदर्शन किया। खेल के मैदान से लेकर कला दीर्घा तक छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। छात्राओं ने विभिन्न खेलों में प्रतिभाग किया साथ ही अन्य प्रतियोागिताओं में बौद्धिक कुशलता का प्रदर्शन किया।
युवा महोत्सव में खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन प्रोफेसर सरिता यादव के निर्देशन में आयोजित कराया गया। इनमें 200 मीटर दौड़ में बीए द्वितीय वर्ष की पलक ने पहला स्थान प्राप्त किया। वहीं, निशा ने दूसरा और ज्योति ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। 100 मीटर दौड़ के मुकाबले में पलक ने बाजी मारते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया जबकि निशा दूसरे और सुभाषिनी तीसरे स्थान पर रहीं। कबड्डी के सेमीफाइनल मुकाबले में रोमांच देखने को मिला। बीए प्रथम और द्वितीय वर्ष के बीच हुई भिड़ंत में प्रथम सेमेस्टर की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में प्रवेश किया। बुधवार को उनका मुकाबला बीए तृतीय वर्ष की टीम से होगा। चक्का फेंक प्रतियोगिता में खुशी ने प्रथम, संध्या ने द्वितीय और मुस्कान ने तृतीय स्थान हासिल किया।
बौद्धिक प्रतियोगिताएं डॉ. अंजू के निर्देशन में हुईं। इनमें सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में विज्ञान, खेल और समसामयिकी विषयों पर प्रश्न पूछे गए। इस प्रतियोगिता में गुलनाज और श्वेता की जोड़ी ने प्रथम स्थान, द्वितीय प्रतिष्ठा व शशि और निशा व नम: ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। निर्णायक मंडल में डॉ. सुमन वर्मा और नीता आर्य रहीं। महाविद्यालय की शिक्षिकाएं डॉ. श्वेता यादव, डॉ. सुमन वर्मा और डॉ. अंजू ने विजेताओं को बधाई दी।
सृजनात्मक प्रतियोगिता में बिखेरी प्रतिभा
दोपहर के सत्र में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रही। प्राध्यापिका नीता आर्य के निर्देशन में कलश सज्जा प्रतियोगिता हुई। इसमें ऐमन ने प्रथम स्थान हासिल किया। डॉ. प्रियंका आर्य के निर्देशन में कार्ड मेकिंग व वेस्ट आउट ऑफ बेस्ट प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। इसमें छात्राओं ने घरेलू बेकार वस्तुओं से आकर्षक कलाकृतियां बनाकर रचनात्मकता का परिचय दिया। कलश सज्जा में श्रद्धा द्वितीय, पारुल अग्निहोत्री तृतीय और वैष्णवी को सांत्वना पुरस्कार दिया गया। मेहंदी प्रतियोगिता में तोशी चतुर्वेदी प्रथम, पावनी द्वितीय और अनम खान तृतीय रहीं। सुगम संगीत में इशिता प्रथम, मुस्कान द्वितीय और हर्षिता तृतीय स्थान पर रहीं।
फोटो-07- आर्यकन्या महाविद्यालय में प्रतियोगिता में प्रतिभाग करती छात्रा। संवाद