हरदोई। कछौना कोतवाली क्षेत्र स्थित दलेलनगर क्रॉसिंग पार करते समय शुक्रवार को एक युवक की ट्रेन की चपेट में आकर मौत हो गई। रक्षाबंधन के खर्च के लिए फैक्टरी रुपये लेने गया युवक पैसे न मिलने पर वहां से ससुराल जा रहा था। घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया।
कछौना कोतवाली क्षेत्र के वाघाडांडा निवासी विकास (35) की उसरहा में ससुराल है। विकास इंडस्ट्रियल एरिया स्थित प्लाईवुड फैक्टरी में नौकरी करते थे। वह पत्नी और तीन बच्चों के साथ अपनी ससुराल में ही रह रहे थे। ससुर रामबालक ने बताया कि शुक्रवार सुबह विकास रक्षाबंधन के खर्च के लिए रुपये लेने फैक्टरी गए थे। वहां रुपये न मिलने पर वह खाली हाथ वापस घर लौट रहे थे।
इस दौरान दलेलनगर रेलवे क्रॉसिंग पार करते समय अचानक ट्रेन आ गई और विकास उसकी चपेट में आ गए। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची जीआरपी ने शव की तलाशी ली। उनके पास मिले आधार कार्ड से शव की पहचान विकास के रूप में हुई। जीआरपी ने शनिवार सुबह परिजन को घटना की सूचना दी। जीआरपी थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार पांडेय ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन को सौंप दिया गया। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मचा है।