शासन की मंशा के अनुरूप ग्रामीण क्षेत्र में जनता की
छोटी-छोटी समस्याओं का निस्तारण मौके पर हो इसके लिए सवायजपुर तहसील पर
तैनात एसडीएम अविनाश कुमार ने कार्ययोजना तैयार की है, जिसका शुभारंभ 5
फरवरी से हरपालपुर ब्लाक के रोशनपुर गांव से होगा। कहीं गड़बड़ी न हो इसके
लिए नायब तहसीलदार को नोडल अधिकारी बनाया गया है।
करीब एक पखवाड़ा पहले
तहसील में एसडीएम के पद पर तैनात अविनाश कुमार ने पीड़ितों की समस्याओं को
काफी गंभीरता से सुना, इनमें कई मामले ऐसे थे जो संबंधित अफसर की मौजूदगी
में मौके पर सुलझाये जा सकते थे। यहीं से उन्होंने ब्लाक मुख्यालय के ग्राम
स्तर पर एक चौपाल लगाने की योजना तैयार की।
इस चौपाल को ‘आपकी सरकार आपके
द्वार’ नाम देते हुए निर्देश दिए कि ग्राम स्तर पर लगने वाली इस चौपाल में
तहसील स्तर के राजस्व विभाग, पुलिस विभाग, विकास विभाग, शिक्षा विभाग,
स्वास्थ्य विभाग के अफसर क्षेत्र के दस्तावेज के साथ पहुंचेंगे, जिससे
पीड़ित की समस्या का मौके पर निस्तारण किया जा सके।
शासन की योजनाओं के तहत
पात्रों का चयन भी मौके पर करने के निर्देश दिए हैं। बीईओ, ब्लाक
समन्वयक चौपाल में उपस्थित होकर इलाकाई स्कूलों का निरीक्षण व शिक्षा
संबंधी कार्यों का मुआयना करेंगे। स्वास्थ्य विभाग की टीम टीकाकरण, विकलांग
प्रमाण पत्र आदि का निराकरण करेगी।
एसडीएम ने बताया कि योजना का मकसद
ग्रामीणों को छोटी समस्याओं के निराकरण हेतु ब्लाक, तहसील व जिला मुख्यालय
तक न दौड़ना पड़े और विभागों द्वारा किए गए कार्य का क्षेत्र की जनता में
संदेश भी जाए। उन्होंने संबंधित विभागों को आदेश दिए है कि वह नियत ग्राम
सभा में स्टाफ व अभिलेखों के साथ मौजूद रहे।
इसमें लापरवाही सहन नहीं होगी।
उन्होंने नायब तहसीलदार प्रमेश कुमार को नोडल अधिकारी बनाते हुए निर्देश
दिए कि वह नियत गांव में लगने वाली चौपाल से एक दिन पहले समस्त
विभागाध्यक्षों की उपस्थिति सुनिश्चित करेंगे।