कोतवाली क्षेत्र के झरोइयां गांव स्थित ननिहाल में आई
युवती को युवक ने गोली मार कर मौत के घाट उतार दिया। घटना को अंजाम देने
के बाद वह फरार हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भर
पोस्टमार्टम को भेजा। घटना के पीछे युवती द्वारा शादी से इंकार करने की बात
बताई जा रही है।
टड़ियावां थाना क्षेत्र के काला आम निवासी शालिग्राम
की पुत्री सविता (20) की शादी गांव के अवधेश ने अपनी रिश्तेदारी में तय कराई
थी। आरोप है कि शादी में वरीक्षा आदि का कार्यक्रम हो गया था, लेकिन कन्या
पक्ष के लोग वर पक्ष से संतुष्ट नहीं थे। इस वजह से उन्होंने शादी करने
से इंकार कर दिया गया।
इस बात से आक्रोशित अवधेश ने लड़की के परिजनों को
धमकाया। इससे खौफ खाकर पिता ने अपनी पुत्री को बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र के
झरोइयां निवासी नानी तुलई के घर छोड़ दिया था। इसकी भनक लगने पर शनिवार को
दोपहर बाद करीब तीन बजे अवधेश अपनी गाड़ी से तुलई के घर के पहुंचा।
वह कमरे
में घुसा तो सविता सो रही थी। अवधेश ने सविता के सीने पर तमंचे से गोली
मार दी। गोली की आवाज सुन घर में मौजूद उसकी मां व अन्य लोग कमरे की दौड़े।
इस दौरान अवधेश फरार हो गया। घटना से चीख पुकार मच गई। सूचना पर कोतवाली
पुलिस व मृतका के परिजन भी मौके पर पहुंच गये।
पुलिस ने जांच पड़ताल के
बाद शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम को भेजा। कोतवाल एके मिश्रा ने बताया कि
पूछताछ में अवधेश द्वारा गोली मारने की जानकारी मिली है। छानबीन जारी है।
तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जायेगी।