हरदोई। टड़ियावां थाना क्षेत्र के अजीजपुर-बर्रा मार्ग पर मंगलवार देर शाम अज्ञात वाहन ने पैदल जा रहे युवक को टक्कर मार दी जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें सीएचसी पहुंचाया गया। यहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया।
टड़ियावां थाना क्षेत्र के ग्राम गुलरिया के मजरा नबीनगर निवासी सीताराम (32) खेती करते थे। उनकी ससुराल शहर कोतवाली क्षेत्र के झबरापुरवा में है। उनके बड़े भाई तौलेराम के मुताबिक कुछ दिनों से सीताराम की पत्नी सीता बच्चों समेत अपने मायके में थीं। मंगलवार देर शाम वह ससुराल जाने के लिए घर से निकले थे। इस दौरान अजीजपुर-बर्रा मार्ग पर धर्मकांटा के पास पैदल जा रहे सीताराम को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी।
आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सीताराम को सीएचसी पहुंचाया गया। वहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक के परिवार में पत्नी और तीन पुत्र रितिक, नितिन, इशांत और एक पुत्री रितिका है। थानाध्यक्ष कुलदीप सिंह ने बताया कि शव का पंचनामा भरा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार कार्रवाई की जाएगी।