सांडी। रक्षाबंधन पर ससुराल आए युवक की नदी में डूबने से मौत हो गई है। शाहजहांपुर जनपद के अल्लाहगंज थाना क्षेत्र के लालगंज खजुरवा गांव निवासी मनीष (30) की ससुराल सांडी थाना क्षेत्र के भौराजपुर गांव में है।
शुक्रवार शाम मनीष अपने साले आनंद के साथ गर्रा नदी किनारे शौच करने गए थे। पैर फिसलने से वह नदी में डूबने लगे। बहनोई को डूबता देख आनंद ने नदी में छलांग लगाकर उन्हें बाहर निकाला। आनन फानन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सांडी पहुंचाया गया। वहां चिकित्सक ने मनीष को मृत घोषित कर दिया।
मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। करीब चार वर्ष पहले मनीष की शादी भौराजपुर निवासी फूलचंद की बेटी प्रीती से हुई थी। उनके दो बेटियां हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। प्रभारी निरीक्षक पुष्पराज कुशवाहा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद कार्रवाई की जाएगी।