हरदोई। टड़ियावां थाना क्षेत्र के ग्राम बाबूपुर स्थित ननिहाल में रह रहे युवक ने शनिवार को गांव के बाहर बाग में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। परिजन घटना का कारण नहीं बता सके।
टड़ियावां थाना क्षेत्र के गांव जैराजपुर निवासी दयाशंकर (19) पुत्र मनोज कुमार बचपन से ही बाबूपुरवा निवासी नाना हरिश्चंद्र के घर रह रहा था। शनिवार को दयाशंकर ने बाबूपुरवा में गांव के बाहर स्थित बाग में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। उसका शव फांसी पर लटका देख आसपास के लोगों ने परिजनों व पुलिस को सूचना दी।
युवक की मौत की खबर मिलते ही ननिहाल पक्ष व कुछ देर बाद जैराजपुर निवासी परिजन मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने बताया कि दयाशंकर चार भाइयों में सबसे बड़ा था। वह अविवाहित था और बाबूपुरवा में खेती करता था। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर कार्रवाई की जाएगी।