सांडी। थाना क्षेत्र के हूंसेपुर गांव के युवक की कच्ची शराब पीने के बाद तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। गर्रापुल से कुछ दूरी पर स्थित पुलिया के पास मृत पड़ा मिला। सूचना मिलने पर परिजन व पुलिस मौके पर पहुुंच गई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सांडी थाना क्षेत्र के ग्राम हूंसेपुर निवासी रामगणेश (42) शराब पीने का लती था। वह दिनभर शराब के नशे में घूमता रहता था।
परिजनों के मुताबिक, शनिवार को शाम वह गांव से कुछ दूरी पर गर्रा नदी पुल के पास कटरा-बिल्हौर पर पुलिया के पास कच्ची शराब पीते देखा गया था। शराब पीते-पीते उसकी तबीयत बिगड़ गई, मुंह से झाग आने के बाद उसने दम तोड़ दिया।
ग्रामीणों ने घटना की सूचना परिजनों और पुलिस को दी। परिजनों ने शराब पीने से मौत होने की बात कही। मृतक के परिवार में पत्नी के अलावा दो बेटी व दो बेटे हैं।
एसओ बालकृष्ण मिश्रा ने शराब से मौत होने से इनकार करते हुए बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।