सांडी। सेमरा मार्ग पर बृहस्पतिवार देर शाम बाइक सवार युवक को किसी वाहन ने टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मृत घोषित कर दिया गया। पास मिले मोबाइल से पुलिस ने परिजन को सूचना दी।
शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र के शर्मा निवासी अनूप सिंह (42) खेती करते थे। पिता राजेश ने बताया कि अनूप की ससुराल सांडीनगर में है। बृहस्पतिवार को अनूप ससुराल गए थे। देर शाम बाइक से वापस घर जाने के लिए निकले थे। सांडी सेमरा मार्ग पर सहोरा के पास किसी वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह सिर के बल सड़क पर जा गिरे।
हेलमेट न लगाए होने के कारण उनके सिर में गंभीर चोटें आईं। हादसे की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने उन्हें सीएचसी पहुंचाया। यहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। मृतक के परिवार में पत्नी रजनी और एक बेटा है। प्रभारी निरीक्षक पुष्पराज कुशवाहा ने बताया कि टक्कर मारने वाले वाहन के बारे में जानकारी नहीं मिल पाई है। परिजन से शिकायत लेकर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।