भरावन। अतरौली थाना क्षेत्र के ग्राम बम्हनौआ पेंग में नहा रहे युवक का फोन पर बात कर रही युवती को टोकना उसकी जान पर भारी पड़ गया। युवती के चाचा और चचेरे भाइयों ने गाली गलौज कर उसे दौड़ा लिया। पिटाई से बचने को सहमा युवक घर के पास स्थित तालाब में कूद गया और डूबने से उसकी मौत हो गई। पुलिस ने पिता और दो पुत्रों पर गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है।
ग्राम बम्हनौआ पेंग निवासी वीरेंद्र (30) पुत्र लालता प्रसाद गांव में मजदूरी करता था। वीरेंद्र रविवार देर शाम घर से कुछ दूरी पर लगे सरकारी हैंडपंप पर नहाने गया था, लेकिन इसके बाद उसका पता नहीं चला। सोमवार को वीरेंद्र का शव उसके घर से कुछ दूर स्थित तालाब में उतराता मिला। मृतक के पिता लालता प्रसाद ने बताया कि वीरेंद्र सरकारी हैंडपंप पर नहा रहा था। इसी दौरान गांव निवासी एक युवती पास ही खड़ी होकर फोन पर बात कर रही थी। इस पर वीरेंद्र ने उसे दूर जाने को कहा।
इसको लेकर युवती के चाचा सियाराम और उनके पुत्रों पवन व संदीप ने वीरेंद्र से गाली गलौज कर लाठी लेकर दौड़ा लिया। बचने के लिए वीरेंद्र घर की तरफ दौड़ा और पास ही स्थित तालाब में कूद गया। तालाब में डूबने से वीरेंद्र की मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के परिवार में पत्नी अंछी देवी, पुत्र सत्यम (3), पुत्री बिट्टू है। प्रभारी निरीक्षक संतोष तिवारी ने बताया कि सियाराम और उसके दो पुत्रों पवन व संदीप के विरुद्ध गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है।