बेहटागोकुल। थाना क्षेत्र के ग्राम बबनापुर में खेत पर काम कर रहे किसान को वाहन सवार 10 लोगों ने मारपीटकर उसके अपहरण का प्रयास किया। आसपास के खेतों में मौजूद लोगों ने शोर मचाया तो आरोपी फरार हो गए। पीड़ित के भतीजे ने एसपी से मामले की शिकायत की है।
थाना क्षेत्र के ग्राम बबनापुर निवासी मनीराम ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उसके चाचा कमलेश्वर सोमवार सुबह खेत पर खाद डलवा रहे थे। इस बीच दो चार पहिया वाहनों पर सवार होकर आए क्षेत्र के एक गांव के प्रधान के प्रतिनिधि, उनके बेटों व अन्य सात लोगों ने चाचा कमलेश्वर के साथ मारपीट शुरू कर दी।
मारपीट करने के बाद आरोपी उसके चाचा को जबरन गाड़ी में डालकर साथ ले जाने लगे। इस बीच आसपास खेतों में मौजूद ग्रामीण मौके पर आ गए और दोनों गाड़ियों को घेर लिया। ग्रामीणों के आने पर आरोपी चाचा कमलेश्वर को मौके पर छोड़कर फरार हो गए। बताया कि घायल कमलेश्वर को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मनीराम ने बताया कि पूरे मामले की शिकायत पुलिस में की गई, लेकिन कार्रवाई नहीं की। एसपी ने पूरे मामले की जांच व कार्रवाई का आदेश दिया है। एसओ लक्ष्मीकांत मिश्र ने बताया कि घटना संज्ञान में है। अभी तक तहरीर नहीं मिली है।