हरदोई। बढ़ैयनपुरवा गांव में खेत पर काम कर रहे एक युवक पर मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया। सोमवार शाम हुए हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उनको सीएचसी ले जा रहे थे। रास्ते में उन्होंने दम तोड़ दिया।
सुरसा थाना क्षेत्र के ग्राम ज्यूरा के मजरा बढ़ैयनपुरवा निवासी मिथिलेश कुमार (43) खेती करते थे। उनकी पत्नी सीमा के मुताबिक, उनका खेत गांव की पश्चिम दिशा की ओर है। सोमवार शाम मिथिलेश खेत पर गए थे। वहां खेत पर काम कर रहे थे। इस दौरान उन पर मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उनको सुरसा सीएचसी ले जा रहे थे। इस दौरान उनकी मौत हो गई। परिजन शव गांव ले आए। पुलिस को सूचना दी। परिवार में पत्नी, दो पुत्र और दो पुत्री हैं। थानाध्यक्ष सुनील कुमार मिश्रा ने बताया कि शव का पंचनामा भरा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।