शाहाबाद। हरियाली बाजार के पास रविवार को हुई बाइकों की भिड़ंत में घायल मोहल्ला बरुआ बाजार निवासी युवक की मौत हो गई।
कस्बा के मोहल्ला बरुआ बाजार निवासी इकबाल (40) पुत्र अतीउल्ला खां उप निबंधक कार्यालय में प्राइवेट कर्मी था। रविवार को हरियाली बाजार के पास स्थित पंप से बाइक में पेट्रोल डलवाकर कस्बा वापस आ रहा था।
रास्ते में उसकी बाइक में सामने से आ रही बाइक ने टक्कर मार दी थी। हेलमेट न लगाए होने के कारण इकबाल हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया था। परिजन उसे लखनऊ ले गए थे। चिकित्सकों की सलाह पर परिजन उसे घर ले आए थे। आवास पर रविवार रात इकबाल की मौत हो गई। इकबाल विवाहित था, उसके दो बेटियां हैं। कोतवाल महेश चंद्र पांडे ने बताया कि भाई जमाल की ओर से तहरीर मिलने के बाद बाइक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।