कछौना (हरदोई)। कोतवाली क्षेत्र में लखनऊ-हरदोई मार्ग पर हरदासपुर के निकट शनिवार को सड़क किनारे झाड़ियों में युवक का शव पड़ा मिला। परिजनों ने चचेरे भाई पर हत्या कर शव फेंकने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
लखनऊ जनपद के इटौंजा थाना क्षेत्र के ग्राम हनुमंतपुर निवासी सरवन (18) पुत्र राम सिंह पिता के साथ सब्जी का कारोबार करता था। राम सिंह ने बताया कि 29 अक्टूबर की शाम सरवन अपने चचेरे भाई के साथ बाइक से गया था। इसके बाद वापस घर नहीं पहुंचा, जबकि भतीजा उसी दिन घर पहुंच गया था। सरवन का पता न चलने पर परिजनों ने तलाश की, लेकिन सुराग नहीं लगा। शनिवार को सरवन का शव हरदासपुर के निकट सड़क किनारे झाड़ियों में पड़ा मिला।
उसके पास मिले आधार कार्ड से शिनाख्त हुई। पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। सीओ उमा शंकर सिंह, कोतवाल अमरजीत सिंह ने परिजनों से पूछताछ की। मृतक के पिता राम सिंह ने पुलिस को बताया कि उसकी अपने भाई से नहीं बनती है। लंबे समय से दोनों में बोलचाल भी नहीं है। घर से सरवन और भतीजा साथ में कैसे निकले और सरवन यहां कैसे पहुंचा, इसकी जानकारी होने से उन्होंने इनकार किया। कोतवाल अमरजीत सिंह ने बताया कि राम सिंह ने भतीजे पर सरवन की हत्या कर शव फेंकने की आशंका जताई है।
चचेरा भाई बता रहा हादसा
पूरे मामले में चचेरे भाई ने बताया कि वह और सरवन बाइक से निकले थे। दोनों ने रास्ते में कई जगह शराब पी। वह बाइक पर खड़ा था जबकि सरवन बाइक से उतरकर लघुशंका करने चला गया। बाइक तक आने के दौरान किसी वाहन ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में सरवन की मौत हो गई, तो वह घबराकर भाग गया।