हरदोई। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका के लिए मंगलवार का दिन मंगलकारी साबित हुआ। कार्यकर्ताओं के मानदेय में चार हजार की वृद्धि कर 12 हजार रुपये और सहायिका के मानदेय में दो हजार की वृद्धि कर छह हजार किए जाने की घोषणा मुख्यमंत्री ने की। इससे जिले के 3,930 केंद्रों पर तैनात कार्यकर्ता और सहायिका को सीधे तौर पर लाभ मिलेगा। यहां पर गांधी भवन में हुए कार्यक्रम में आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल ने आंगनबाड़ी केंद्रों पर नौनिहालों के लिए खिलौना खरीदारी के लिए विधायक निधि से 25 लाख रुपये दिए जाने की घोषणा की।
बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग के अयोध्या में हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम का यहां पर लाइव प्रसारण देखा और सुना गया। इसमें मुख्यमंत्री ने मानदेय बढ़ाए जाने की घोषणा की। वहीं गांधी भवन में आबकारी मंत्री ने नवनियुक्त सहायिका वंदना, नेहा गुप्ता, प्रिया देवी, शिवांगी निगम, अर्णिमा गौतम, गरिमा मिश्रा, रोली देवी, ज्योति पांडेय, अनीता यादव व रेखा देवी को नियुक्ति पत्र सौंपे। अच्छा काम करने वाले आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया। दीक्षा, आद्विक और परी की अन्नप्राशन की रस्म पूरी की। सुमन, शिवानी गुप्ता, मालती देवी की गोदभराई की रस्म की गई। वहीं समृद्धि तिवारी, आरव, अनामिका, एलिस, रितेश कुमार, निशांत, अनम वर्मा, रानी, अखिल और अभिषेक को पोषण पोटली सौंपी।
मंत्री ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका निडर होकर काम करें। कोई भी समस्या होने पर सीधे संपर्क कर जानकारी दें। जिला पंचायत प्रशासक प्रेमावती, सीडीओ नेहा ब्याडवाल, एसडीएम आशुतोष कुमार, डीडीओ कमलेश कुमार, डीपीओ अजीत कुमार व संजय निगम आदि मौजूद रहे।