हरदोई। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर 21 जून को पूरा जिला योग और ध्यान में लीन रहेगा। इसकी तैयारियां पूरी हो गई हैं।
पतंजलि योग समिति के तत्वावधान में जिले में कई स्थानों पर योग दिवस मनाया जाएगा। जिसमें शहर में गांधी भवन में योग महोत्सव आयोजित होगा। कार्यक्रम में डीएम विवेक वार्ष्णेय व एसपी उमेश कुमार सिंह समेत कई अधिकारी और जन सामान्य शिरकत करेंगे।
आर्ट आफ लिविंग संस्था के स्थानीय कार्यकर्ता अतुल अग्रवाल, एके टंडन, संजय सिंह, रजनीश तिवारी, आलोक श्रीवास्तव, रोहित अग्रवाल ने बताया कि आसन योग का हिस्सा तो है मगर योग नहीं है। वास्तव में शरीर के साथ सांस, मन, बुद्धि, चित्त, आत्मा, चेतना का मिलन योग है। इसके लिए सुदर्शन क्रिया अच्छा माध्यम है। 21 जून को बाल विहार स्कूल में सुबह पांच बजे से शिविर लगाया जाएगा।
भारतीय योग संस्थान के स्थानीय प्रबंध कार्यकर्ता योगेंद्र प्रसाद गुप्ता, मनोरमा गुप्ता, विजय भाई ने बताया कि योग दिवस पर शहर में कई स्थानों पर शिविर लगाए जा रहे हैं। प्राकृतिक चिकित्सक डा. राजेश मिश्रा ने बताया कि योग शिविर का आयोजन कायाकल्प केंद्र पर होगा। योग शिक्षक हरिवंश सिंह ने योग दिवस की पूर्व संध्या पर गांधी भवन में योगाभ्यास कराया और शहर में जागरूकता रैली निकाली। उन्होंने लोगों से योग शिविर में भाग लेने की अपील की।