फोटो-22-एक्सरे कक्ष में लगा ताला। संवाद
टड़ियावां। गोपामऊ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को एक्सरे मशीन मिलने के लगभग सवा साल बाद कुछ दिन पहले एक्सरे टेक्नीशियन भी मिल गया। बावजूद इसके यहां एक्सरे की सुविधा मरीजों को नहीं मिल पा रही है। दरअसल सवा साल से मशीन का इस्तेमाल न होने के कारण इसमें तकनीकी खामी आ गई है। अब मरम्मत के बाद ही यह मशीन चल पाएगी और तभी लोगों को एक्सरे की सुविधा मिलेगी।
गोपामऊ में लंबे समय से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खोले जाने की मांग चल रही थी। दो साल पहले यह मांग पूरी भी हो गई थी। यहां चिकित्सकों और स्टाफ की भी तैनात कर दी गई थी। क्षेत्रीय विधायक श्याम प्रकाश के प्रयासों से यहां मरीजों को बेहतर सेवाएं देने के लिए एक्सरे मशीन भी मंगवा ली गई थी। एक्सरे मशीन आने के बाद से ही सीएचसी के एक कक्ष में बंद है।
दरअसल अब से एक साल पहले सीएचसी को एक्सरे मशीन तो मिल गई लेकिन इसका संचालन करने के लिए कोई कर्मचारी तैनात नहीं किया गया। कर्मचारी तैनात करने को लेकर अधीक्षक डॉ. सुशील कनौजिया ने काफी प्रयास किए ताे कुछ दिन पहले ही यहां टेक्नीशियन के पद पर प्रिया वर्मा की तैनाती कर दी गई। प्रिया ने जॉइन भी कर लिया लेकिन जब एक्सरे मशीन का इस्तेमाल करने की कोशिश की गई तो इसमें कई तकनीकी खामियां होने का पता चला। ऐसे में अब भी यहां एक्सरे नहीं हो पा रहे हैं।
एक्सरे मशीन में तकनीकी समस्या है। मशीन अभी वारंटी में है। संबंधित कंपनी के अभियंता को इसकी जानकारी सीएमओ कार्यालय के जरिये भेजी जा चुकी है। शनिवार को ही अभियंता को आना था लेकिन वह नहीं आए। फोन पर संपर्क करने पर बताया है कि सोमवार को आएंगे। मशीन की मरम्मत होते ही एक्सरे की सुविधा लोगों को मिलने लगेगी। -डॉ. सुशील कनौजिया, सीएचसी अधीक्षक