कछौना (हरदोई)। थाना क्षेत्र में बदमाशों की गोली से घायल दंपति में युवक की इलाज के दौरान लखनऊ ट्रामा सेंटर में मौत हो गई। युवक का शव गांव पहुुंचते ही कोहराम मच गया। पुलिस को अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है। घटना से क्षेत्र में दहशत है।
बताते चले कि थाना क्षेत्र के ग्राम तुसौरा के बाहर झाला पर बने घर के बाहर शुक्रवार की रात सुखवंत उर्फ विल्ला सिंह (50) और उनकी पत्नी सुखविंदर कौर (48) सो रहे थे। रात में करीब 11:30 बजे सशस्त्र बदमाशों ने उनके घर में घुसने का प्रयास किया था जिस पर वह लोग जाग गए और बदमाशों को विरोध किया। बदमाशों ने उन पर फायर कर दिया जिससे एक गोली सुखवंत के लगी। वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। इसी बीच दूसरी गोली पत्नी सुखविंदर के हाथ में जा धंसी थी। दोनों को इलाज के लिए लखनऊ ट्रामा सेटर भेजा गया था। जहां पर उपचार के दौरान सुखवंत की रविवार की सुबह चार बजे मौत हो गई। देर शाम युवक का शव गांव पहुंचा तो गांव में कोहराम मच गया। इधर पुलिस मृतक के नौकर परसारी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। उसी के ऊपर पुलिस की शक की सुई धूम रही है। अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है।