पंचायत चुनाव में प्रथम चरण का चुनाव कराने के लिए प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। यहां तक कि प्रथम चरण में छह लाख 17 हजार मतदाता वोट देंगे। मतपेटियां भी दुरुस्त करा ली गई हैं। नौ अक्तूबर को सांडी, बिलग्राम, माधौगंज, मल्लावां व हरपालपुर के 451 मतदान केंद्रों के 888 मतदेय स्थलों पर मतदान कराया जाना है। इसके लिए जिला प्रशासन ने जिम्मेदारी दे दी है। इधर मतपेटिकाओं की जिम्मेदारी ग्रामीण अभियंत्रण सेवा को सौंपी गई थी जिसके तहत उन्होंने मतपेटिकाओं को सही करवाकर उनको सुरक्षित रखवा दिया है। सहायक अभियंता राजेश कुमार ने बताया कि प्रत्येक ब्लाक में 20 अतिरिक्त मतपेटिकाओं की भी व्यवस्था करवा दी गई है। प्रथम चरण में 888 मतदेय स्थल हैं जिनमें जनता की राय जानने के लिए प्रत्येक बूथ पर एक मतपेटी जिला पंचायत सदस्य एवं एक पेटी को क्षेत्र पंचायत सदस्य के लिए वोट डालने के लिए सुरक्षित करवाई गई है। इस तरह प्रथम चरण में कुल 1776 मतपेटिकाएं बूथ पर रखने के लिए सुरक्षित की गई हैं तो इसके अलावा प्रत्येक ब्लाक के लिए 20 अतिरिक्त मतपेटी भी निकाल ली गई हैं ताकि कोई खराब हो जाए तो उसे केंद्र पर पहुंचाया जा सके।