शराब के खिलाफ महिलाएं आगे आईं।
- फोटो : अमर उजाला
टड़ियावां। थाना क्षेत्र के ग्राम पुरवा देवरिया मजरा नटपुरवा में दलित समुदाय की महिलाआें ने पंचायत कर पति और बच्चों की शराब छुड़ाने का संकल्प लिया। पंचायत में शराब पीने वाले व्यक्ति से 20 हजार रुपये जुर्माना और उसे पत्नी से बहिष्कृत कर पूरे गांव में घुमाया जाएगा। दलित महिलाओं ने रैली निकाल कर बेटी बचाओ शराब छुड़ाओ का नारा भी लगाया।
टड़ियावां विकास खंड की ग्राम पंचायत पुरवा देवरिया मजरा नटपुरवा में दलित परिवार के नट बिरादरी की 800 से अधिक आबादी है। शुक्रवार को इनके गांव में चतुर्भुज बाबा का मेला लगता है। मेले में शराब चढ़ाने की प्रथा है। जिसका गांव की महिलाओं ने विरोध किया। महिलाओं ने गांव की सीमा, गुड़िया, हमेला, शिवरानी ने कहा कि उनकी बिरादरी में पुरुष शराब पीकर पत्नी और बच्चों के साथ मारपीट करते हैं। साथ ही गाली गलौज भी करते हैं।
कहा कि पुरुषोें में सुधार के लिए अब से जो शराब पीकर आएगा उससे 20 हजार रुपये जुर्माना और उसकी पत्नी से उसे बहिष्कृत करवाकर गांव में घुमाया जाएगा। यह भी फैसला लिया गया कि जो व्यक्ति शराब पीने के बारे में जानकारी देगा उसे 500 रुपये का इनाम भी दिया जाएगा। ट्रैक्टर ट्रालियों से निकली रैली नटपुरवा से ककरहा, पुरवा देवरिया होते हुए तय स्थान पर पहुंची। रैली में महिलाआें में हाथ में झाडू व डंडा लेकर बेटी बचाओ शराब छुड़वाओ का नारा लगाया। इस नशा मुक्ति अभियान में कच्ची शराब न बनाने का संकल्प भी लिया। रैली में क्षेत्राधिकारी सदर श्यामाकांत त्रिपाठी, थानाध्यक्ष हेमंत कुमार सहित पुलिस बल मौजूद रहा।