सीमावर्ती गांव के बाहर कंडे बीन रहीं महिलाओं पर एक युवक ने छींटाकसी कर दी। जिसका परिवार के अधेड़ ने विरोध किया तो युवक ने उस पर तमंचे से फायर करदिया। गोली उसके पैर में जा धंसी जिससे वह घायल हो गए। मौका पाकर युवक फरार हो गया। घायल को सीेएचसी ले जाया गया जहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सक ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस सीमा विवाद में उलझ गई।
बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के ग्राम नूरपुर हथौड़ा निवासी सुरेश (50) पुत्र शिवदीन के परिवार की महिलाएं गांव के बाहर कंडे बीन रहीं थी। इसी दौरान रुदौली गांव निवासी एक युवक वहां आ गया और महिलाओं पर छींटाकसी करने लगा। महिलाओं ने कुछ दूरी पर बैठे सुरेश को बताया तो वह वहां पहुंच गए। उन्होंने इस पर आपत्ति जताते हुए युवक को चेतावनी दी। इस पर युवक तैश में आ गया और गोट में लगे चमंचे को निकाल कर सुरेश पर फायर कर दिया। गोली सुरेश के पैर में जा धंसी जिससे वह लहुलुहान हो गया।
युवक ने मौके से भागने की कोशिश की तो सुरेश ने उसे पकड़ लिया और उसके हाथ से तमंचा छीन लिया। अपने को घिरा जान युवक जैसे तैसे जान बचाकर भाग गया। परिजन सुरेश को सीएचसी ले गए। वहां प्राथमिक उपचार करने के बाद चिकित्सक ने उसे जिले अस्पताल रेफर कर दिया। घटना की सूचना पर कोतवाल राम सागर राकेश मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल की। उन्होंने बताया कि घटना स्थल सुरसा क्षेत्र में है। इसलिए सुरसा थाना में रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।