शाहाबाद। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत सोमवार से कस्बा स्थित ब्लॉक सभागार में कौशल विकास मिशन का दस दिवसीय सिलाई कढ़ाई प्रशिक्षण शिविर शुरु हुआ। मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि नवनीत गुप्ता ने फीता काट कर शिविर का शुभारंभ किया।
नवनीत गुप्ता ने कहा कि महिलाओं की आत्म निर्भरता के लिए उनका सिलाई-कढ़ाई व बुनाई जैसे कौशल से प्रशिक्षित होना जरूरी है। प्रशिक्षण के बाद वह इतना स्वावलंबी बन जाती हैं कि स्वयं भी रोजगार सृजित कर जीवन यापन कर सकती है। आवश्कता पड़ने पर हुनर के जरिए परिवार की भी मदद कर सकती हैं। बीडीओ ऋषि पाल सिंह ने कहा कि गांव हो या शहर, पढ़ाई लिखाई के बावजूद कई महिलाएं किसी तकनीकी प्रशिक्षण के अभाव में जिंदगी भर चौके चूल्हे तक ही सीमित रह जाती हैं।
सिलाई-कढ़ाई का प्रशिक्षण सबसे आसान व कारगर है। कौशल विकास मिशन के जिला प्रबंधक निर्मल किशोर मिश्र ने प्रशिक्षणार्थियों को यूनिफार्म वितरित कीं। इस मौके पर लेखाकार मयंक सविता, एडीओ सूर्यकरन चौधरी, भारत समन्वयक शिवा गुप्ता, केंद्र प्रभारी वीरेश गुप्ता, प्रेम सागर, प्रशिक्षिका अनुराधा, पूनम गुप्ता, ब्लॉक मिशन प्रबंधक रामू सिंह, मोहम्मद अजहर, बीएमएम रामू सिंह वर्मा व मोहम्मद अजहर आदि मौजूद रहे।