बेंहदर। कासिमपुर थाना क्षेत्र के गांव हिया में मंगलवार सुबह महिला का शव ससुराल में साड़ी के फंदे से लटका मिला। मृतका के परिजनों ने ससुरालियों पर दहेज की मांग पूरी न होने पर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पिता की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की।
उन्नाव के माखी थाना क्षेत्र के गांव रामपुर निवासी संध्या (22) की शादी पांच माह पूर्व कासिमपुर थाने के हिया गांव निवासी रामानंद के साथ हुई थी। मंगलवार सुबह संध्या का शव लटका मिलने की सूचना पर उसके पिता सुनील परिजनों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि ससुराली दहेज में बाइक और खेत की मांग कर बेटी को प्रताड़ित कर रहे थे।
मांग पूरी न होने पर संध्या को मार दिया और शव फंदे पर लटका दिया। पीड़ित ने थाने में तहरीर दी। पुलिस ने पति रामानंद, ससुर ईश्वरी, सास व जेठ रामदास के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। एसओ हरिशंकर प्रजापति ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।