हरदोई। सांडी थाना क्षेत्र के ग्राम आदमपुर में गुरुवार को बाजार जा रही महिला पर सांड़ ने हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला की मौत हो गई।
विज्ञापन
आदमपुर निवासी विमला (50) पत्नी शिवलाल गुुरुवार शाम सांडी बाजार गई थी। गांव के बाहर सांड़ ने उसे दौड़ाकर पटक दिया। जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गई। आसपास खेतों में मौजूद ग्रामीण महिला के चीखने पर वहां पहुंचे और सांड़ को भगाया। ग्रामीणों ने विमला के परिजनों को घटना की जानकारी दी। परिजन उसे सीएचसी ले गए।
चिकित्सक ने हालात नाजुक होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जहां पर देर रात उसने दम तोड़ दिया। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। मृतका के दो बेटी व तीन बेटे हैं। मृतका के पति ने बताया कि गांव में छुट्टा मवेशियों का आतंक है। खेत व गांव के भीतर घूम रहे सांड़ जानलेवा हो गए हैं। जिसकी वजह से उसकी पत्नी की जान चली गई। शहर कोतवाली पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। सांडी एसओ रामलखन वर्मा ने बताया कि घटना संज्ञान में नहीं हैं।