हरदोई। शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र में पिहानी मार्ग पर ग्राम नगला कल्लू के पास शनिवार देर शाम दो बाइकों की भिड़ंत में एक बाइक सवार महिला की मौत हो गई। जबकि बाइक चला रहा उसका बेटा हेलमेट लगाने के कारण बच गया।
शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र के ग्राम नगला भगवान निवासी रामनरेश खेती करता है। उसके परिवार में पत्नी माधुरी, दो बेटे और दो बेटी हैं। शनिवार को माधुरी बेटे अमित (18) के साथ बाइक से शाहाबाद कस्बे में रिश्तेदार के यहां गई थी। जहां से देर शाम घर लौटने के दौरान शाहाबाद- पिहानी मार्ग पर ग्राम नगला कल्लू के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी।
हादसे में बाइक के पीछे बैठी माधुरी सिर के बल सड़क पर गिर गई। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। वहीं हेलमेट लगाए होने से उसका बेटा अमित बच गया। हादसे को अंजाम देकर बाइक सवार फरार हो गया। एंबुलेंस से माधुरी को जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां देर रात माधुरी ने दम तोड़ दिया। रविवार को शहर कोतवाली पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। शाहाबाद कोतवाल जितेंद्र ओझा ने बताया कि बाइक चालक के खिलाफ हादसे की रिपोर्ट दर्ज की गई है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।