हरदोई। शहर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत हरदोई-बिलग्राम मार्ग पर मंगलवार देर शाम सड़क पार करते समय महिला को बाइक ने टक्कर मार दी। हादसे में महिला की मौत हो गई। घटना के बाद चालक बाइक छोड़कर भाग गया।
सांडी थाना क्षेत्र के ग्राम सुगवा निवासी रेशमवती (55) पत्नी जयराम का घर शहर कोतवाली क्षेत्र में हरदोई-बिलग्राम मार्ग पर है। मंगलवार देर शाम वह घर के सामने सड़क पार कर रही थी। इसी दौरान बिलग्राम की ओर से आ रहे तेज रफ्तार बाइक सवार ने रेशमवती को टक्कर मार दी। घटना में रेशमवती गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजनों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
जिला अस्पताल से चिकित्सकों ने उसे लखनऊ रेफर कर दिया। परिजन मंगलवार देर रात रेशमवती को लेकर लखनऊ जा रहे थे, लेकिन बघौली के पास ही उसने दम तोड़ दिया। बुधवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। मृतका के परिवार में पांच बेटे हैं। शहर कोतवाल शैलेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि जिस बाइक से घटना हुई है, वह पुलिस के कब्जे में है। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।