नारायणपुर गांव में बुधवार सुबह स्कूल परिसर में टहल रही पुलिसकर्मी की पत्नी पर एचटी लाइन टूटकर गिर गई। करंट लगने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों ने बिजली विभाग के जेई व एसडीओ के खिलाफ लापरवाही का आरोप लगाया है।
पचदेवरा थाना क्षेत्र के नारायणपुर गांव निवासी श्याम सिंह पुलिस विभाग बरेली में तैनात हैं। बुधवार सुबह उनकी पत्नी सुदामा देवी (45) गांव के डिग्री कालेज में टहल रही थीं। बेटे पवन के मुताबिक मां जैसे ही कालेज की दीवार के पास पहुंची तभी ऊपर से गुजरी एचटी लाइन टूटकर उनके ऊपर आ गिरी। मां के गले तार फंस गया। करंट लगने से मां की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पवन ने अनंगपुर विद्युत उपकेंद्र के जेई और शाहाबाद एसडीओ पर लापरवाही का आरोप लगाया है। ग्रामीणों का कहना हैं कि वह कई बार जर्जर लाइन बदलवाने के लिए विभाग को प्रार्थना पत्र दे चुके हैं लेकिन सुनवाई नहीं हुई। एसओ महेश पाल सिंह ने बताया कि जांच कर कार्रवाई की जाएगी। वहीं एसओ पचदेवरा के मौके पर पहुंचने में चार घंटे लगने पर ग्रामीण खफा दिखे।