कछौना। कोतवाली क्षेत्र के गांव शमसापुर में खेत के ऊपर से गुजरी एचटी लाइन का तार टूट गया। इसकी चपेट में आई महिला की करंट लगने से मौत हो गई। इसके बाद आग लगने से शव भी जल गया।
शमसापुर निवासी अनीशा (35) पत्नी कुतबे अली शुक्रवार को खेत में काम कर रही थी। इस बीच ऊपर से गुजरी एचटी लाइन का तार अनीशा पर गिर पड़ा। करंट लगने से गंभीर रूप से झुलसी अनीशा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। परिजनों ने बताया कि अनीशा के दो बेटे व बेटी हैं। पुलिस ने विद्युत सप्लाई बंद करा शव को कब्जे में ले लिया। वहीं घटना से गांव के लोगों में नाराजगी है।
ग्रामीणों व प्रधान के प्रतिनिधि अमजद ने बताया गांव से होकर गुजरी एचटी लाइन जर्जर है। तार लटके हैं। बताया कि कई बार अधिकारियों को पत्र लिखकर लाइन सही कराने की मांग की जा चुकी है, लेकिन सुनवाई नहीं हो रही है।