सांडी। सांडी थाना क्षेत्र के ग्राम चौधकपुर में शुक्रवार देर शाम पति से विवाद पर पत्नी ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। उसका शव कमरे में फंदे से लटकता मिला।
ग्राम चौधकपुर निवासी सर्वेश खेती करता है। शुक्रवार की शाम उसका पत्नी ओमेश्वरी (35) से घरेलू बातों को लेकर विवाद हो गया। पति से नाराज ओमेश्वरी घर के अंदर बने कमरे में चली गई। काफी देर तक ओमेश्वरी बाहर नहीं आई तो पति सर्वेश उसे बुलाने के लिए गया।
सर्वेश ने ही उसका शव कमरे में फांसी पर लटकता देखा। पति के शोर मचाने पर अन्य परिजन आ गए। परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस और मृतका के मायके वालों को दी। उसके दो पुत्र और एक पुत्री हैं। थानाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह तोमर ने बताया कि मायके पक्ष के लोगों ने घटना को लेकर कोई आरोप नहीं लगाया है और न ही तहरीर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।