हरदोई। शहर कोतवाली क्षेत्र के बिलग्राम मार्ग पर साढू के घर से वापस आ रहे बाइक सवार को 25 मार्च की सुबह कार ने टक्कर मार दी। घटना में गंभीर रूप से घायल मजदूर की मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान 26 मार्च की सुबह मौत हो गई।
सुरसा थाना क्षेत्र के सथरी निवासी संदीप (35) शटरिंग मजदूर थे। चचेरे भाई राजू ने बताया कि संदीप इन दिनों तत्योरा में बन रहे साइबर थाने के निर्माण में काम कर रहे थे। संदीप के साढू देवन फर्दापुर में रहते हैं। 24 मार्च की रात संदीप बाइक से देवन के घर गए थे। 25 मार्च सुबह आठ बजे वहां से अपने गांव सथरी जा रहे थे। कुतुवापुर बाजार के पास कार ने बाइक में टक्कर मार दी। घटना में संदीप गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। यहां 26 मार्च सुबह लगभग पांच बजे संदीप की मौत हो गई। परिवार में पत्नी मालती और दो पुत्र हैं।
शहर कोतवाल संजय त्यागी ने बताया कि मेडिकल कॉलेज प्रशासन की सूचना पर शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। परिजनों से शिकायत लेकर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
फोटो-19-संदीप। फाइल फोटो