हरदोई। कोतवाली देहात क्षेत्र के कंथाथोक गांव में किडनी के गंभीर संक्रमण से जूझ रही महिला की बुधवार की देर रात को मौत हो गई। महिला की बीते कई दिनों से डायलिसिस भी हो रही थी। मृतक की मां ने पति और परिजनों पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को यूपी-112 पर शिकायत की। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर बृहस्पतिवार को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
कंथाथोक निवासी शाहनवाज आलम की शादी चार मार्च 2020 को सीतापुर के मिश्रिख थाना क्षेत्र के बानपुर मढिया निवासी गुलफ्शां बानो (31) से हुई थी। शाहनवाज ने बताया कि वह मजदूरी कर परिवार का पालन पोषण करता है। शादी के दो साल बाद पत्नी का मायके में प्रसव हुआ, लेकिन कुछ समय बाद बच्चे की मौत हो गई। इसके बाद से गुलफ्शां बीमार रहने लगी। जांच कराने पर किडनी में संक्रमण मिला।
इसके बाद से उसकी नियमित डायलिसिस भी हो रही थी। किसी तरह वह इलाज करा रहा था लेकिन बुधवार देर रात गुलफ्शां की तबीयत ज्यादा खराब हुई और उसकी मौत हो गई। महिला की मौत के बाद उसकी मां सायरा ने ससुराल पक्ष पर बेटी की हत्या करने का आरोप लगाते हुए यूपी-112 पर सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है। कोतवाल समर बहादुर सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत का कारण स्पष्ट होगा। इसके बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
सांसद निधि मिली, विधायक निधि के लिए दी थी अर्जी
शाहनवाज ने पत्नी गुलफ्शां के इलाज के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी थी। शाहनवाज ने बताया कि उससे जो हो सका उसने किया। दलाज में मदद के लिए सांसद निधि के लिए अर्जी दी। सांसद निधि से एक लाख रुपया मिलने पर पूरा इलाज में लगाया। रकम खर्च होने के बाद अब विधायक निधि के लिए भी अर्जी दी थी,लेकिन वह मंज़ूर नहीं हुई थी। फिर भी वह इलाज कराने के लिए हर कोशिश जारी रखे था, लेकिन इसी बीच गुलफ्शां की मौत हो गई।