होली के गुजरने के साथ ही हमेशा की तरह मौसम के मिजाज
भी काफी तेजी के साथ बदलते दिखाई दे रहे हैं, जिससे तापमान चढ़ने के साथ
गर्मी की आहट दिखाई देने लगी है। अब लोगों के घरों और दुकानों पर पंखों का
प्रयोग शुरू हो गया है।
ज्ञात हो कि 5 नवंबर से दो मार्च तक लगभग चार
माह तक मौसम काफी बदला बदला रहा। कभी तेज ठंड रही तो कभी हल्की ठंड और कभी
मौसम काफी सुहाना रहा, जिससे लोगों का गर्मी से निजात मिलती रही, पर अब समय
चक्र बदला है, तो पिछले साल की तरह अबकी भी होली के बाद से मौसम पूरी तरह
से बदलने लगा है।
गर्मी ने दस्तक देनी शुरू कर दी है। समझा जाता है कि दो
चार दिनों में ही पछुआ हवाएं भी तेजी पकड़ने के साथ लोगों को लपट का अहसास
करा सकती हैं। हालांकि, घरों और दफ्तरों में पंखों तथा एअर कंडीशनर्स
का चलना शुरू हो गया है और कूलरों की सफाई के साथ उन्हें दुरुस्त कर आने
वाली गर्मी के लिए तैयारियां शुरू हो गई हैं।
बाजार में अभी से ही शीतल पेय
पदार्थों की दुकानें सज गई हैं और लोगों ने सेवन भी शुरू कर दिया हैं।
जीआईसी स्थित मौसम वेधशाला के प्रभारी जय शंकर मिश्र ने बताया कि सोमवार का
तापमान का स्तर 28.0 तथा न्यूनतम 13.0 डिग्री रहा। कहा कि जल्द तापमान
के स्तर में और भी बढ़ोतरी होगी।