कोतवाली क्षेत्र की ग्राम पंचायत तेरवा कुल्ली के मजरा देवी पुरवा में तेंदुए की दहशत है। मंगलवार सुबह जंगल में चरने गई भैंस को हमला कर जंगली जानवर ने घायल कर दिया। ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग की टीम गांव पहुंची। भैंस के शरीर पर जंगली जानवर के पंजों के निशान मिले हैं। ग्रामीणों से पूछताछ के बाद टीम तेंदुए की तलाश में कांबिग कर रही है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव तेरवाकुल्ली के मजरा देवीपुरवा निवासी हरिनाम पुत्र निंजा की भैंस मंगलवार सुबह गांव के बाहर जंगल में चरने गई थी। बताते हैं कि दोपहर करीब 12 बजे जंगली जानवर ने उसकी भैंस पर हमला कर दिया। जिससे उसके मुंह पर गंभीर खरोच के निशान बने हैं। पूर्व प्रधान देवीशंकर ने बताया कि हमले के कुछ समय बाद गांव की कुछ महिलाएं खेतों से घर को आ रही थी उन लोगों ने किसी चित्तीदार जानवर को गंगा की ओर जंगल में भागते देखा है। इस पर वन प्रसार कर्ता हरिनाम सिंह ने बताया कि सूचना मिलने पर टीम के साथ गांव पहुंचकर जंगल में कांबिंग कर रहे हैं लेकिन अब तक किसी जानवर और पंजों के निशान नहीं मिले हैं।
इससे पहले भी पारसोला में जंगली जानवर के हमले से एक भैंस की मौत हो चुकी है। लेकिन किस जानवर ने हमला किया था। इसकी अब तक पुष्टि नहीं हो सकी है। हालांकि क्षेत्रवासी इन घटनाओं से डरे हुए है।