बेनीगंज। मायके जाने की जिद पूरी न होने से नाराज नवविवाहिता ने दुपट्टे से फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। मृतका के पिता की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र के रायपुर निवासी प्रमोद कुमार पाल खेती और मजदूरी करते हैं। उसकी शादी 18 फरवरी 2024 को कासिमपुर थाना क्षेत्र के गौरी फकरूद्दीन गांव निवासी शिवांशी (20) के साथ हुई थी। पिछले एक माह से प्रमोद और शिवांशी अपने माता-पिता से अलग गांव में ही दूसरे मकान में रह रहे थे। बृहस्पतिवार की सुबह शिवांशी मायके जाने की जिद पति प्रमोद से कर रही थी। प्रमोद ने हालात का हवाला देकर मायके भेजने से इन्कार कर दिया। इससे नाराज होकर शिवांशी ने कमरे के अंदर जाकर दुपट्टे से फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली।
घटना की जानकारी पर पिता प्रकाश भी मौके पर पहुंच गए। प्रकाश ने घटना के बारे में पुलिस को अवगत कराया। बेनीगंज कोतवाल संजय त्यागी ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। प्राथमिक जांच में मायके न जाने देने से नाराज होकर खुदकुशी किए जाने की बात सामने आई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।