फोटो-25 - कलक्ट्रेट में ज्ञापन देने जाते भाकियू पदाधिकारी व कार्यकर्ता। संवाद
हरदोई। भारतीय किसान यूनियन (अराजनीतिक) के बैनर तले बृहस्पतिवार को कलक्ट्रेट परिसर में किसान पंचायत का आयोजन किया गया। भाकियू पदाधिकारियों ने गेहूं की खरीद शुरू न होने और प्रशासन की अनदेखी पर रोष व्यक्त किया। किसानों ने पंजीकरण के बावजूद कागज सत्यापित न होने पर खरीद न होने का आरोप लगाया। किसानों ने समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
भाकियू जिलाध्यक्ष सरदार प्रगट सिंह ने किसान पंचायत की अध्यक्षता करते हुए कहा कि जिले में गेहूं की खरीद शुरू करने की तिथि 30 मार्च तय की गई थी लेकिन गुरुवार बीतने के बाद भी सरकारी केंद्रों पर खरीद शुरू नहीं हुई। बताया कि केंद्रों पर गेहूं बेचने के लिए ऑनलाइन पंजीकरण तो करा लिया लेकिन विभाग ने कागजों का सत्यापन नहीं किया। ऐसे में व्यापारी और आढ़ती किसानों का शोषण कर रहे हैं। किसान औने-पौने दामों पर फसल बेचने को मजबूर हैं। भाकियू कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन सौंपा और समाधान की मांग की। इस मौके पर बलकार सिंह, आकाश कुमार, जसवीर सिंह, जगत सिंह, कुलविंदर सिंह मौजूद रहे।