सीधे खातों में जाएगा गेहूं खरीद का भुगतान
- फोटो : अमर उजाला
बिलग्राम। तहसील मुख्यालय पर पीसीएफ, एसएफसी के गेहूं क्रय केंद्र न खोले जाने से आक्रोशित भाकियू के जिलाध्यक्ष ने एसडीएम को ज्ञापन दिया। उन्होंने कहा कि यदि उनकी मांग पर ध्यान न दिया गया तो वह आंदोलन करने पर बाध्य होंगे।
बुधवार को एसडीएम को दिए ज्ञापन में भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष राजबहादुर सिंह यादव ने बताया कि दोनाें क्रय केंद्र पीसीएफ, एसएफसी मुख्यालय हरदोई मार्ग पर खोले जाते हैं परंतु इस बार पीसीएफ का केंद्र बिलग्राम से लगभग 15 किलोमीटर दूर हसनापुर गांव में बनाया गया है। हालांकि एसएफसी ने तीन किलोमीटर दूरी पर नाऊपुरवा में केंद्र खोला है।
एसडीएम से वार्ता के बाद जिलाध्यक्ष से एसएफसी प्रभारी कमलेश कुमार पटेल ने बताया कि वह मुख्यालय पर केंद्र खोल देंगे, जबकि पीसीएफ केंद्र की दूरी को लेकर जिलाध्यक्ष ने चेतावनी दी है कि 15 अप्रैल तक यदि पीसीएफ केंद्र भी बिलग्राम के मुख्यालय पर न खोला गया तो किसान आंदोलन करने को बाध्य होंगे। आरोप लगाया कि दूरस्थ क्षेत्रों में केंद्र खोलने से किसानों का हक मारा जाएगा और केंद्रों पर भ्रष्टाचार बढ़ेगा। इस मौके पर मंगतराम, सर्वजीत, कय्यूम खां, राजकुमार रणेना हबीब नगर आदि किसान मौजूद रहे।
एसएफसी ने की खरीद, अन्य शून्य
बिलग्राम विकास खंड में एसएफसी के प्रभारी कमलेश कुमार ने बताया कि उनके द्वारा 452 क्विंटल की गेहूं खरीद की है जबकि पीसीएफ प्रभारी अनिल गौतम ने बताया कि उनकी खरीद शून्य है। इसके अलावा जरौली नेवादा में बनाए गए क्रय केंद्र पर कोई खरीद की सूचना नहीं है।
सीएम को पत्र भेजा
बिलग्राम के ब्लाक प्रमुख संतोष कुमारी यादव ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर मांग की कि ग्राम रोजगार सेवकों का सीधा संपर्क ग्रामीण इलाकों में रहता है और यह ग्रामीणों की समस्याओं का निदान के प्रयास करते हैं। इनकी वित्तीय कठिनाइयों से होने वाली समस्या को देखते हुए इन्हें नियमित किया जाए।