फोटो-01- न्यायालय परिसर के मुख्य द्वार पर तैनात पुलिस बल। संवाद न्यूज एजेंसी
पार्किंग में खड़े हुए वाहन, वकीलों की हड़ताल जारी
- दीवानी न्यायालय परिसर में वाहनों का प्रवेश बंद होने का विरोध
संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। दीवानी न्यायालय परिसर में सभी प्रकार के वाहनों के प्रवेश बंद होने के बाद शुक्रवार को हालात सामान्य नजर आए। वाहन परिसर के बाहर बनी पार्किंग में खड़े किए गए। नई व्यवस्था लागू होने के बाद दीवानी न्यायालय परिसर साफ सुथरा नजर आया। एहतियातन न्यायालय के प्रवेश द्वार पर पुलिस बल तैनात रहा। हालांकि व्यवस्था के विरोध में वकीलों की हड़ताल शुक्रवार को भी जारी रही।
उच्च न्यायालय के निर्देशों के तहत जिला स्तरीय सुरक्षा कमेटी की सिफारिश पर गुरुवार से दीवानी न्यायालय परिसर में सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश बंद कर दिया गया था। इसका विरोध भी जताया गया। शुक्रवार को आम लोगों की तलाशी के बाद ही उन्हें परिसर में प्रवेश दिया गया। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष व महामंत्री को संबोधित बार काउंसिल अध्यक्ष हरिशंकर सिंह का पत्र भी बार के नोटिस बोर्ड पर चस्पा किया गया। जिसमें उल्लेख किया गया है कि सभी अधिवक्ता न्यायालय की सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करे। सूत्रों के अनुसार बार के प्रतिनिधिमंडल व सुरक्षा कमेटी की वार्ता के बाद कुछ मुद्दों पर सहमति भी बनती नजर आ रही है। बार एसोसिएशन अध्यक्ष ने बताया कि इस मसले पर आठ जनवरी को पुन: आम सभा की बैठक होगी, तब तक अधिवक्ता न्यायिक कार्य से विरत रहेंगे।