हरदोई। पहाड़ों की ओर से चली बर्फीली हवाओं ने मौसम को एक बार फिर से सर्द कर दिया। चौराहों पर अलाव जल उठे और लोग गर्म कपड़ों में जकड़े नजर आने लगे। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि मंगलवार को भी सर्दी का प्रभाव देखने को मिलेगा।
रविवार की तरह ही सोमवार की सुबह भी धूप निकल आई लेकिन धूप के साथ ठंडी हवाओं ने सुबह से ही अपना प्रभाव दिखाना शुरू कर दिया। दोपहर होते-होते धूप का असर तो कम होता गया लेकिन, बर्फीली हवाओं का असर ज्यादा होता दिखा। शाम तक इन बर्फीली हवाओं ने करीब सात डिग्री तक पारा नीचे ला दिया। मौसम वैज्ञानिक रमेश चंद्र वर्मा ने बताया कि सोमवार को अधिकतम पारा 16 डिग्री और न्यूनतम पारा सात डिग्री रिकार्ड किया गया। रविवार को अधिकतम तापमान 23 डिग्री और न्यूनतम आठ डिग्री रिकार्ड किया गया था। उन्होंने बताया कि मंगलवार को भी बर्फीली हवाओं के जारी रहने से मौसम के सर्द रहने के पूरे आसार हैं।