सांडी। क्षेत्र के बरौलिया में अंग्रेजी शराब और बघौली मार्ग पर बिलग्राम चुंगी के पास देसी शराब में पानी मिलाकर बिक्री की जा रही थी। आबकारी विभाग की टीम ने जांच-पड़ताल की। जांच-पड़ताल में पानी मिलाए जाने की पुष्टि पर दोनों दुकानों के सेल्समैन के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। दोनों सेल्समैन को जेल भेजा गया है।
जिला आबकारी अधिकारी केपी सिंह ने बताया कि लाइसेंसधारकों पर भी कार्रवाई की जाएगी।आबकारी विभाग की टीम ने मंगलवार की रात अलग-अलग शराब दुकानों पर जांच-पड़ताल की। सवायजपुर के आबकारी निरीक्षक राजेश आर्या ने जांच की। बताया कि बरौलिया अंग्रेजी और बीयर की दुकान संचालित है। वहां पर जांच में अलग-अलग ब्रांड के 10 क्वार्टर में विदेशी मदिरा में पानी की मिलावट की पुष्टि हुई। वहां पर सेल्समेन हिमांशु को हिरासत में लेकर पुलिस सिपुर्दगी में दे दिया गया।
बघौली मार्ग पर बिलग्राम चुंगी के पास शराब की दुकान पर बिलग्राम के आबकारी निरीक्षक बद्रीनाथ ने टीम के साथ जांच-पड़ताल की। वहां पर देसी शराब में पानी की मिलावट पाई गई। मिलावटी शराब के साथ सेल्समैन जितेंद्र अग्निहोत्री को हिरासत में लेकर थाना पुलिस की सिपुर्दगी में दिया गया। दोनों ही मामलों में आबकारी निरीक्षकों ने थाना पुलिस में दोनों सेल्समैन और लाइसेंस धारक शाहजहांपुर जनपद के थाना अल्लागंज के भरतौली निवासी अवनीश के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है। थानाध्यक्ष राकेश यादव ने बताया कि दोनों सेल्समैन को जेल भेज दिया गया है।