बेहटा गोकुल। साबिरपुर गांव में सुखाने के लिए डाले गए कपड़ों का पानी पड़ोसी के घर में गिरने से विवाद हो गया। विवाद में मारपीट हुई। मारपीट का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। पुलिस ने घटना में दंपती समेत चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
साबिरपुर निवासी प्रिया अपने मकान की दीवार पर धुले हुए कपड़े सुखान के लिए डालती थी। इसका पानी पड़ोसी प्रमोद कुमार के घर में गिरता था। प्रमोद कुमार ने इस पर नाराजगी जताते हुए 25 जनवरी को एसपी से मुलाकात कर शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने दोनों पक्षों को बुलाकर समझौता करा दिया था।
आरोप है कि शनिवार को प्रिया ने फिर से सुखाने के लिए कपड़े दीवार पर डाले और इसका पानी प्रमोद के घर में गिरा। प्रमोद की पत्नी मोहिनी ने विरोध किया तो दोनों के बीच मारपीट हो गई। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। प्रमोद की तहरीर पर पुलिस ने प्रिया, उसके पति आशीष, परिवार की ही सोनी और अंकित के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज किया है।