हरपालपुर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अव्यवस्थाओं का बोलबाला है।
अस्पताल परिसर में लगे ट्रांसफार्मर की खराबी से टंकी पानी से खाली है। परिसर में एक भी हैंडपंप चालू हालत में न होने से तीमारदारों को काफी दूर तक पानी के लिए भटकना पड़ता है और पानी खरीद कर लाना पड़ता है। सामुदायिक शौचालय में ताला लगा है।
अव्यवस्थाओं को लेकर तीमारदारों का कहना है कि अस्पताल में प्रसूताओं को रजाई घर से लानी पड़ रही है। मोल्हनपुर गांव के सेवानिवृत्त सूबेदार फिरोज शुक्ला प्रसव पूर्व के दर्द से परेशान अपनी पुत्री बबली को रविवार की सुबह चार बजे अस्पताल लाए थे।
बताया कि पूरे अस्पताल में पानी की व्यवस्था न होने पर काफी दूर एक घर के बाहर लगे नल से बोतल में पानी भर कर लाए। शेखपुर गांव निवासी महेंद्र प्रताप सिंह अपनी पत्नी उषा सिंह को प्रसव के लिए भर्ती कराने आए थे।
उनका कहना था कि अस्पताल के दो मंजिल पर स्थित शौचालयों में बिजली के सभी बल्ब फ्यूज हैं, जिससे अंधेरे में प्रसूताओं व तीमारदारों को शौच जाने में काफी दिक्कत हो रही है।
सिरसा गांव निवासी कुसुमलता की भतीजी अस्पताल में भर्ती है। उन्होंने बताया कि वह अपने मरीज के लिए घर से रजाई लेकर आए हैं। यहां ठंड में कंबल तक की व्यवस्था नहीं है।
हरपालपुर कस्बा निवासी विजय बहादुर अपनी पत्नी मोनी की डिलीवरी के लिए अस्पताल आए थे। उन्होंने बताया कि अस्पताल परिसर में बने सामुदायिक शौचालय में ताला लगा होने से दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
बताया कि प्रसूताओं को मिलने वाले भोजन में सब्जी दाल में पानी ज्यादा दिया जा रहा है।
बिजली की खराबी के लिए विद्युत विभाग के अवर अभियंता को कई बार पत्र लिखा जा चुका है। अस्पताल में तीमारदारों की समस्याओं का जल्द समाधान किया जाएगा।
- डॉ. अमित कुमार वर्मा, अधीक्षक, सीएचसी